विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना पर अमित शाह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, PACS को मिलेगा बड़ा लाभ
नई दिल्ली,:केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज राजधानी दिल्ली में सहकारिता क्षेत्र की ऐतिहासिक योजना—विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना—की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस समीक्षा बैठक का उद्देश्य, योजना के तेज़ी से क्रियान्वयन और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) को इसका प्रमुख भागीदार बनाने को लेकर रणनीति तैयार करना था।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी को प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी योजना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता का परिणाम बताते हुए अमित शाह ने कहा कि इससे PACS की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मंत्री शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि सहकारिता आधारित अन्न भंडारण ढांचे को सशक्त बनाने के लिए आधुनिक गोदामों, कोल्ड स्टोरेज और प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण प्राथमिक स्तर पर किया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि उत्पादों की बर्बादी में भी कमी आएगी।
इस योजना के तहत देशभर की 2 लाख से अधिक PACS को जोड़ने की दिशा में सरकार सक्रिय है, जिससे यह पहल न केवल भंडारण क्षमता बढ़ाएगी बल्कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी गति देगी।
यह बैठक नीति निर्माण से लेकर जमीनी क्रियान्वयन तक सभी पहलुओं की समग्र समीक्षा का महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली
पूरा विवरण पढ़ें: pib.gov.in पर आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति