बख्तियारपुर/पटना।कौशलेन्द्र पाण्डेय।बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज पटना जिले के बख्तियारपुर प्रखंड के लखनपुरा में गंगा नदी की पुरानी धारा को पुनर्जीवित करने के लिए चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह कार्य बरसात के पूर्व हर हाल में पूर्ण हो, साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना 3427.80 लाख रुपये की लागत से चलाई जा रही है, जिसके अंतर्गत घनसुरपुर घाट से देदौर घाट तक 4,420 मीटर लंबाई में गाद की सफाई कर गंगा नदी की मृतप्राय धारा को पुनर्जीवित करने का प्रयास हो रहा है।
निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद पंडित शीलभद्र याजी तथा उनकी धर्मपत्नी स्व. बालकेश्वरी याजी के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर बिहार के जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस पहल को राज्य में जल संसाधन के पुनर्जीवन और पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#JDU #Bihar #NitishKumar #JanataDalUnited #GangaRejuvenation #Bakhtiyarpur #CountryInsideNewsAgency




























