78वें जन्मदिवस पर लालू यादव ने काटा 78 पाउंड का केक, राज्यभर में सामाजिक सद्भावना दिवस के रूप में मना राजद ने
Kaushlendra Pandey/पटना, 11 जून 2025 —राजद सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री लालू प्रसाद यादव ने आज अपने 78वें जन्मदिन पर परिवार, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ 10 सर्कुलर रोड (श्रीमती राबड़ी देवी जी के आवास) पर 78 पाउंड का केक काटकर जश्न मनाया। जन्मदिन को सामाजिक सद्भावना दिवस के रूप में पूरे राज्य में मनाया गया। इस अवसर पर गरीबों के बीच भोजन, पठन-पाठन सामग्री का वितरण और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लालू यादव ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गरीब, शोषित और वंचित तबकों के बीच जाकर उनके अधिकार और सम्मान की रक्षा करें, साथ ही गंगा-जमुनी तहज़ीब और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करें।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस दिन को सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता बताते हुए कहा कि दलित और वंचित बस्तियों में भोजन वितरण, पाठ्य सामग्री और वृक्षारोपण जैसे कार्य पार्टी की उस विचारधारा को दर्शाते हैं, जिसे लालू जी ने दशकों से मजबूती दी है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रो. मनोज झा, अब्दुल बारी सिद्दिकी, भोला यादव, डॉ. रामचंद्र पूर्वे, मंगनीलाल मंडल, डॉ. सुनील कुमार सिंह, कारी मोहम्मद सोहैब, विनय यादव, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, सरदार रंजीत सिंह, प्रमोद सिन्हा, स्वीटी सीमा हेम्ब्रम, और बल्ली यादव सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजद प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि पार्टी नेता अनिल जायसवाल ढोल-नगाड़ों के साथ 18 ठेलों पर 78 किलो लड्डू, खाजा और अन्य मिठाइयों के साथ राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे। पार्टी कार्यालय में युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने भी केक काटा और लालू जी की दीर्घायु की कामना की।
राजद कार्यालय को रंग-बिरंगी लाइट्स से सजाया गया था। साथ ही पटना शहर में जगह-जगह पोस्टर-बैनर लगाकर लालू यादव को शुभकामनाएं दी गईं और उनके नेतृत्व की सराहना की गई।