सौरभ निगम/नई दिल्ली ब्यूरो, 11 जून 2025 —केंद्रीय गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज राजधानी नई दिल्ली में बाढ़ प्रबंधन को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान देशभर में संभावित बाढ़ स्थितियों से निपटने की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
अमित शाह ने केंद्रीय एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे स्पेस टेक्नोलॉजी (अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी) का अधिकतम उपयोग करें, ताकि बाढ़ नियंत्रण और जल प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में बाढ़ प्रबंधन के लिए नई तकनीकों के प्रयोग और मजबूत विकल्पों को तलाशने पर बल दिया।
गृहमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को राज्यों के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए ताकि भारी बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए सड़कों के डिजाइन में एकरूपता लाई जा सके।
बैठक में उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (NDSA), भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग केंद्र (NRSC) जैसे विभागों को आपस में समन्वय बनाकर भारतीय मूल के विशेषज्ञों के साथ एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करना चाहिए, जिसमें बाढ़, अंतरिक्ष तकनीक और अन्य संबंधित पहलुओं पर चर्चा की जा सके।
यह बैठक गृह मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
(प्रेषक – कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)
Sources: PIB Press Release




























