Kaushlendra Pandey, नई दिल्ली/अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर ‘Yoga Connect 2025’ नामक हाइब्रिड वैश्विक शिखर सम्मेलन का उद्घाटन आज नई दिल्ली में हुआ। इस सम्मेलन की थीम “Yoga for One Earth, One Health” रही, जो सम्पूर्ण स्वास्थ्य और पर्यावरणीय संतुलन के संदेश को वैश्विक मंच पर सामने रखती है।
केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से इस भव्य आयोजन का शुभारंभ किया। देश-विदेश से आए योग गुरुओं, विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और हजारों योग प्रेमियों की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को अद्वितीय बना दिया।
योग: केवल गतिविधि नहीं, जीवनशैली बनाएं – मंत्रियों का आह्वान
केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने अपने संबोधन में कहा, “विज्ञान सिद्ध कर चुका है कि योग मधुमेह नियंत्रण, हृदय स्वास्थ्य, कैंसर से उबरने और वृद्धजनों की देखभाल में सहायक है।” उन्होंने योग को चिकित्सा प्रणाली के पूरक के रूप में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
वहीं केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा, “Yoga Connect एक ऐसा आह्वान है जो योग को केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि जीवनशैली के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करता है।”
प्रभाव मूल्यांकन रिपोर्ट जारी
कार्यक्रम में ‘योग प्रभाव: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के एक दशक का मूल्यांकन’ (Yoga Prabhava – Impact Assessment of a Decade of International Day of Yoga) नामक रिपोर्ट का विमोचन भी किया गया। इस रिपोर्ट में पिछले दस वर्षों में योग के जन-जन तक पहुंचने, जीवनशैली सुधारने, और हेल्थकेयर सेक्टर में इसके सकारात्मक प्रभावों का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।
योग के विविध पहलुओं पर विचार-विमर्श
दिनभर चली विचार श्रृंखलाओं में योग के चिकित्सकीय, मानसिक, सामाजिक, तथा आर्थिक प्रभावों पर चर्चा हुई। साथ ही, योग आधारित स्टार्टअप्स, वेलनेस टूरिज़्म, डिजिटल योग सेवाओं और वैश्विक वाणिज्यिक संभावनाओं को लेकर भी विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।




























