रिपोर्ट:कौशलेन्द्र पाण्डेय-पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अब वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं को ₹1100 प्रतिमाह की पेंशन मिलेगी। पहले यह राशि ₹400 थी, जिसे बढ़ाकर जुलाई से लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयत्नशील है।”
इस फैसले से बिहार के 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को सीधा फायदा पहुंचेगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह बढ़ी हुई राशि प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
यह कदम न सिर्फ वृद्धजनों बल्कि समाज के अन्य कमजोर वर्गों – जैसे दिव्यांग और विधवा महिलाओं – के जीवन में आर्थिक स्थिरता और सम्मान दिलाने में सहायक साबित होगा।
इससे पहले भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा जनहित में लिए गए फैसलों को लेकर उनकी सरकार की प्रशंसा होती रही है। अब पेंशन में यह ऐतिहासिक बढ़ोतरी एक सामाजिक कल्याणकारी राज्य की दिशा में मजबूत कदम के रूप में देखा जा रहा है।





























