नई दिल्ली। कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी ब्यूरो।एयर इंडिया की ऐतिहासिक ‘कनिष्क’ त्रासदी की 40वीं वर्षगांठ पर भारत ने आयरलैंड और कनाडा के साथ मिलकर पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह दुखद घटना 23 जून 1985 को हुई थी, जब एयर इंडिया फ्लाइट 182 अटलांटिक महासागर के ऊपर उड़ान भरते समय बम धमाके में ध्वस्त हो गई थी, जिसमें 329 लोग मारे गए थे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकता का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “एयर इंडिया कनिष्क की त्रासदी न सिर्फ भारत, बल्कि समूची मानवता पर हमला था। आज, इस दुखद घटना की स्मृति हमें याद दिलाती है कि आतंकवाद के विरुद्ध हमें मिलकर, एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।”
श्रद्धांजलि सभा में पीड़ितों के परिजन, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, और भारतीय अधिकारियों ने भाग लिया। तीनों देशों की ओर से यह स्पष्ट संदेश गया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है।





























