टी.पी.एस. कॉलेज के नए प्रधानाचार्य बने पूर्व कुलपति प्रो. तपन कुमार शांडिल्य, शिक्षकों और छात्रों ने किया भव्य स्वागत
Kaushlendra Pandey, पटना ब्यूरो रिपोर्ट |पटना के प्रतिष्ठित टी.पी.एस. कॉलेज को आज नया प्रधानाचार्य मिला। झारखंड के श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं शिक्षाविद् प्रो. तपन कुमार शांडिल्य ने कॉलेज के प्रधानाचार्य पद का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण किया। कॉलेज परिसर में उनके आगमन पर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने फूल-मालाओं और तालियों से उनका जोरदार स्वागत किया।
प्रभारी प्रधानाचार्या प्रो. रूपम ने उन्हें विधिवत रूप से प्रभार सौंपा। इसके बाद प्रो. शांडिल्य ने संस्थापक स्व. ठाकुर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। समारोह में कॉलेज के सभी विभागों से जुड़े प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रो. शांडिल्य ने इस अवसर पर कहा, “टी.पी.एस. कॉलेज मेरे लिए नया नहीं है। पहले भी इस संस्थान में प्रधानाचार्य के रूप में सेवा देने का सौभाग्य मिला है। मेरी प्राथमिकता उच्चस्तरीय पठन-पाठन व्यवस्था, शोध कार्य को प्रोत्साहन और कॉलेज को शैक्षणिक बुलंदियों पर पहुँचाना है।”
गौरतलब है कि प्रो. शांडिल्य 2015 से 2017 तक टी.पी.एस. कॉलेज के प्राचार्य रह चुके हैं। बाद में उन्होंने कॉलेज ऑफ कॉमर्स, पटना में भी प्रधानाचार्य पद संभाला। इसके पश्चात वे झारखंड के श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त हुए। वे नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा में प्रति कुलपति एवं प्रभारी कुलपति के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
इस अवसर पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. मनोज कुमार, वित्त पदाधिकारी प्रो. कृष्णनंदन प्रसाद, कुलानुशासक प्रो. अबू बकर रिज़वी, प्रो. हेमलता सिंह, प्रो. अंजलि प्रसाद, डॉ. विजय कुमार सिन्हा, डॉ. दीपिका शर्मा, डॉ. विनय भूषण, डॉ. नूतन कुमारी समेत कई अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी व छात्र नेता उपस्थित थे।
(प्रेषक: प्रो. अबू बकर रिज़वी, मीडिया प्रभारी, टी.पी.एस. कॉलेज, पटना)
Filed by: Country Inside News Agency, Patna