Kaushlendra Pandey/पटना ब्यूरो/ बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज 1, अणे मार्ग स्थित ‘संवाद’ सभागार में 7468 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (ए.एन.एम.) को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वस्थ बिहार, समृद्ध बिहार हमारा संकल्प है। नवनियुक्त एएनएम बहनों की भूमिका गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने में अहम होगी। हमारी सरकार हर क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बना रही है।”
कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय समेत कई वरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश सरकार के नेतृत्व में रोजगार सृजन में निरंतर प्रगति हो रही है और आज का यह आयोजन उसी का प्रमाण है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि इन महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की नियुक्ति से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर नियुक्त महिलाओं में खुशी का माहौल रहा। कई नव नियुक्त एएनएम कर्मियों ने कहा कि अब वे समाज की सेवा करते हुए आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
























