Kaushlendra Pandey /जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम, प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने आरजेडी से सवाल पूछते हुए कहा कि उनके नेता बिहार की पुलिस की सुरक्षा भी लेंगे लेकिन उनके इकबाल पर सवाल भी खड़ा करेंगे। मीडिया में जारी बयान में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर ये कैसी राजनीति है? उन्होंने कहा कि अगर उन्हें बिहार की पुलिस की काबिलियत पर संदेह है तो तेजस्वी यादव को पहले खुद एवं उनके परिवार में लगे बिहार पुलिस के 160 जवानों को हटा देना चाहिए और फिर बिहार पुलिस पर सवाल खड़ा करना चाहिए।
तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हकीकत ये है कि नेता प्रतिपक्ष की सुरक्षा में पुलिस के 51 जवान तैनात हैं, वहीं उनके पिता लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में 38 पुलिसवाले तैनात हैं जबकि उनकी माता राबड़ी देवी को बिहार पुलिस के 70 जवान सुरक्षा दे रहे हैं। तेजस्वी यादव से सवाल पूछते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा में लगे पुलिसवाले खुद उनकी एवं उनके परिवारवाले की सुरक्षा कर रहे हैं तो वो ठीक हैं लेकिन बाकी पुलिसवालों की कार्यक्षमता पर वो बेवजह सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस की उपलब्धियों की फेहरिस्त काफी लंबी है लेकिन विपक्षी आरजेडी को ये उपलब्धियां दिखाई नहीं देती हैं और वो अपनी सुविधानुसार बिहार पुलिस की कार्यक्षमता पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाना ना केवल राज्य की पुलिस व्यवस्था का अपमान है, बल्कि उन लाखों जवानों के मनोबल को भी ठेस पहुंचाती है जो दिन-रात जनता की सुरक्षा में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार की कानून-व्यवस्था पहले से कहीं अधिक संगठित, सुदृढ़ और जवाबदेह है। सुशासन के मूल मंत्र पर चलने वाली सरकार ने हमेशा पुलिस बल का आधुनिकीकरण, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी है।
विपक्ष को चाहिए कि वह झूठ और भ्रम फैलाने के बजाय रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए। प्रदेश की जनता अब भली-भांति समझ चुकी है कि कौन उनके हित में काम कर रहा है और कौन केवल कुर्सी के लिए राजनीति कर रहा है।





























