Kaushlendra Pandey/जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं मीडिया पैनलिस्ट डॉ मधुरेंदु पांडेय ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर जमकर निशाना साधा। मीडिया में जारी बयान में उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने वाले तेजस्वी यादव को पहले अपने गिरेबां में झांक कर देखना चाहिए। 1990 से 2005 तक का आरजेडी शासनकाल पूरे देश में जंगलराज के नाम से बदनाम रहा, जहां हत्या, लूट, अपहरण और फिरौती उद्योग का रूप ले चुके थे।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने उन्हें कुल 38 महीनों का राजनीतिक रोजगार देने का काम किया। राज्य सरकार पर अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल उठाने से पहले तेजस्वी यादव को उस दौरान हुए अपराध के आंकड़े पर भी गौर करना चाहिए। आंकड़े गवाह हैं कि उस दौरान कुल 8 हजार 832 हत्याएं हुई जबकि 134 अपहरण की घटना हुई जबकि 4 हजार 464 दुष्कर्म की घटनाएं हुई।
तेजस्वी यादव यह भूल जाते हैं कि उनके माता-पिता के शासनकाल के दौर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो जाते थे। शिक्षकों, डॉक्टरों और व्यापारियों का अपहरण आम बात थी। अपराधियों को राजनैतिक संरक्षण मिलता था, और पुलिस मूकदर्शक बनी रहती थी। यहां तक कि अपह्रत लोगों को छुड़ाने के लिए फिरौती की रकम की डील मुख्यमंत्री आवास में हुआ करती थी। हकीकत ये है कि साल 1990 से लेकर साल 2005 तक के लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल में एससीआरबी की रिपोर्ट के मुताबकि 67 हजार 249 हत्याएं हुई जो कि उस दौरान के जंगलराज की बात को सही साबित करती है। उन्होंने तेजस्वी यादव से सवाल पूछते हुए कहा कि उनकी माता राबड़ी देवी ने अपने शासनकाल में महिला सुरक्षा के लिए क्या किया?
आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 2005 के बाद बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ। अपराध नियंत्रण के लिए मजबूत कानून व्यवस्था, तेज़ न्यायिक प्रक्रिया और तकनीक आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की गई। आज भी सरकार कानून के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जनता सब जानती है और यह भी पहचानती है कि कौन सच में विकास और कानून का राज चाहता है और कौन सिर्फ राजनीतिक स्वार्थ के लिए अफवाह फैलाता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं करती और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज कोई भी अपराधी अपराध कर बच नहीं सकता और कानून के मुताबिक उसे सजा मिलती है। तेजस्वी यादव के अपराध को लेकर किए गए ट्वीट को उन्हें फर्जी करार दिया और कहा कि नेता प्रतिपक्ष द्वारा पेश किए गए आंकड़ों का सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है।




























