रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, पटना ब्यूरो | 04 अगस्त 2025/
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. निहोरा प्रसाद यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्हें लोकतंत्र के लिए “कलंक” करार दिया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव हाल के दिनों में बार-बार असत्य और भ्रामक बयानों के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जो न केवल बिहार की सुदीर्घ राजनीतिक परंपरा के खिलाफ है बल्कि लोकतंत्र की आत्मा के लिए भी घातक है।
डॉ. यादव ने कहा कि बिहार की राजनीति की विरासत डॉ. राम मनोहर लोहिया, भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसे सत्यनिष्ठ और नैतिक मूल्यों पर आधारित नेताओं की रही है। लेकिन तेजस्वी यादव इन मूल्यों को तिलांजलि देकर ‘असत्य आधारित राजनीति’ की राह पर चल पड़े हैं, जो न तो उनके लिए और न ही बिहार की जनता के लिए शुभ संकेत है।
‘जंगलराज’ का झूठा नैरेटिव
तेजस्वी यादव द्वारा राज्य में अपराध बढ़ने और ‘जंगलराज’ की वापसी के दावे को सिरे से खारिज करते हुए डॉ. निहोरा यादव ने कहा कि यह दावा न केवल पूरी तरह से भ्रामक है बल्कि भय का झूठा माहौल गढ़ने का कुत्सित प्रयास है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस अपराध के प्रति संवेदनशील है और हर मामले में त्वरित कार्रवाई कर रही है। आरोपियों को पकड़कर न्याय की प्रक्रिया में लाना सरकार की प्राथमिकता है।
एनडीए सरकार का फैसला बताकर झूठा श्रेय लेने का प्रयास
आशा और ममता कर्मियों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि को लेकर भी उन्होंने तेजस्वी यादव पर झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह से एनडीए सरकार का है, जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लागू किया गया। तेजस्वी यादव इस निर्णय को अपने कार्यकाल से जोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
संवैधानिक संस्थाओं पर भी नहीं है भरोसा
डॉ. निहोरा यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं, विशेषकर चुनाव आयोग, पर अनर्गल आरोप लगाकर उनकी साख को चोट पहुंचा रहे हैं। न्यायालय में अपने ऊपर लगे मामलों में असत्य बोलते-बोलते अब वे जनता के बीच भी झूठ बोलने के आदी हो चुके हैं।
बिहार की जनता भ्रम में नहीं आएगी
प्रवक्ता ने दावा किया कि बिहार की जनता अब जागरूक है और तेजस्वी यादव की असत्य पर आधारित राजनीति से भ्रमित नहीं होगी। उन्होंने तेजस्वी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें बिहार की महान राजनीतिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए। क्षणिक लाभ देने वाली असत्य की राजनीति लंबे समय में न केवल लोकतंत्र बल्कि स्वयं तेजस्वी यादव के राजनीतिक भविष्य के लिए भी विनाशकारी सिद्ध होगी।




























