प्रियंका भारद्वाज -सुपौल सदर प्रखंड के बसबिट्टी मध्य विद्यालय परिसर में आज जन सुराज की बिहार बदलाव जन सभा का आयोजन किया गया,
कार्यक्रम की अध्यक्षता जन सुराज नेता अनिल कुमार सिँह ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किशनपुर प्रखंड महिला अध्यक्ष रीति झा, छातापुर संभावित प्रत्याशी अभय सिंह मुन्ना, धीरेन्द्र कुंवर शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए अनिल कुमार सिंह ने कहा कि सुपौल में अब भ्रष्टाचार और अफसरशाही का अंत होगा। इसके लिए आमलोगों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला से पंचायत स्तर तक सभी पदाधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त है। किसी भी सरकारी योजना दाखिल-खारिज से लेकर आवसीय बनाने तक में आमलोगों को रिश्वत देना पड़ता है। काम कोई भी हो लेकिन बिना नजराना के काम नहीं चलता है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अब भ्रष्ट पदाधिकारी को बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सभा के बाद बसबिट्टी पंचायत को भ्रष्टाचार मुक्त घोषित किया जा रहा है और आज के बाद पंचायत में कोई घूसखोरी नहीं चलेगी। इसके लिए आमलोगों को भी जागरूक होना होगा। उन्होंने लोगों से घूस मांगने की स्थिति में प्रशासन से शिकायत करने और इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर उन्हें इसकी सूचना देने की अपील की। साथ ही उन्होंने पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के नाम घूस ना लेने की चेतावनी भी जारी की। उन्होंने कहा कि इस सभा के बाद भी अगर कोई पदाधिकारी घूस की डिमांड करेंगे तो उनपर कार्रवाई तय है।
सभा के माध्यम से सरकार पर साधा निशाना:
जन सुराज नेता अनिल कुमार सिंह ने वर्तमान हालात पर भी चर्चा की। कहा कि आज के समय में करीब हर घर से एक व्यक्ति अपने परिवार और बच्चों को छोड़ प्रदेश में काम कर रहे हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है तो मोटे ब्याज दर पर लोन देकर सरकार गरीबों का खून चूस रही है। कहा कि मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव खुद को भले ही ईमानदार बताते हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में अधिकारी घूसखोरी करते पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कुपोषित बच्चों का हक बड़े अधिकारी खा रहे थे। लेकिन बरैल और सुखपुर की सभाओं में जन सुराज ने भ्रष्टाचार मुक्त पंचायत की घोषणा की थी। उसी का असर है कि डीएम ने संज्ञान लेकर डीपीओ को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि लेकिन जन सुराज की सरकार आने के बाद बदलाव तय है। नवंबर में सरकार बनने के बाद किसी को भी नौकरी के लिए प्रदेश नहीं जाना होगा। यही नहीं हर परिवार को जन सुराज की सरकार में हर महीने 20 हजार तक का लाभ दिया जाएगा।
सैकड़ों लोगों का बनाया गया परिवार लाभ कार्ड:
सभा के माध्यम से आज बसबिट्टी पंचायत में जन सुराज परिवार लाभ कार्ड बनाने का काम शुरू हुआ। जन सभा के दौरान सैकड़ों लोगों का जन सुराज परिवार लाभ कार्ड बनाया गया। अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सुपौल विधानसभा के हर परिवार को परिवार लाभ कार्ड दिया जाएगा। एक परिवार से एक परिवार लाभ कार्ड बनेगा। जन सुराज की सरकार बनते ही कार्डधारी को नवंबर से ही पांच तरह का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। जन सुराज की सरकार में हर महीने एक परिवार को 20 हजार तक का लाभ मिलेगा। इसमें 12 हजार रूपए तक का अपने ही राज्य में रोजगार उपलब्ध कराने, 2 हजार रूपए पेंशन देने, महिलाओं को 4% ब्याज पर ऋण और किसानों को नगदी खेती के लिए 2500 महीना सहयोग देने का लक्ष्य रखा गया है।




























