Kaushlendra Pandey/पटना, 5 अगस्त 2025 —नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज पटना से रांची के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के अंत्येष्टि कार्यक्रम में भाग लेंगे। रांची रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन की मृत्यु झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। तेजस्वी ने यह भी बताया कि उनका सोरेन परिवार से पारिवारिक संबंध रहा है और वे इस दुख की घड़ी में हेमंत सोरेन और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
चुनाव आयोग को लेकर सवाल
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आयोग के नोटिस का जवाब दिया जाएगा, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि चुनाव आयोग उनके सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में भारी गड़बड़ी की गई है और लाखों लोगों के नाम हटा दिए गए हैं, जिनमें उनका खुद का नाम भी शामिल है।
डोमिसाइल नीति पर प्रतिक्रिया
डोमिसाइल नीति पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार ने उनकी मांग के अनुरूप यह नीति लागू की है, लेकिन अब देखना यह है कि इसका लाभ आम लोगों को कैसे दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार उनकी बातों को सुन रही है और संभव है कि आने वाले समय में ‘मान-सम्मान मां बहन योजना’ भी लागू की जाए।
वोट अधिकार यात्रा स्थगित
तेजस्वी यादव ने जानकारी दी कि शिबू सोरेन के निधन के कारण उनकी प्रस्तावित ‘वोट अधिकार यात्रा’ फिलहाल स्थगित कर दी गई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जल्द ही इस यात्रा की नई तारीख की घोषणा की जाएगी और यह यात्रा जरूर होगी।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी



























