पुनौराधाम, बिहार | कौशलेन्द्र पाण्डेय/माता सीता की पावन जन्मस्थली पुनौराधाम में आज एक स्वर्णिम अध्याय का शुभारंभ हुआ। धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए, यहां के मंदिर एवं समग्र परिसर के भव्य विकास योजना का भूमि पूजन और शिलान्यास आज गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संयुक्त उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। इनके साथ केंद्रीय मंत्रीगण, सांसद चिराग पासवान, बिहार सरकार के मंत्री और अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण भी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री श्री राजू कुमार सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
पुनौराधाम को अब पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। इस योजना के तहत मंदिर परिसर, यात्री सुविधाएं, सांस्कृतिक केंद्र, पार्किंग, रोशनी व्यवस्था और लोक आस्था से जुड़े अनेक बुनियादी ढांचे विकसित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा, “माता सीता सिर्फ एक धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि भारतीय नारी शक्ति और मर्यादा की प्रतीक हैं। पुनौराधाम का विकास देशवासियों के लिए गर्व का विषय होगा।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस योजना को बिहार के विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
यह शिलान्यास कार्यक्रम बिहार की सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक पर्यटन और आर्थिक विकास के एक नवीन युग की शुरुआत माना जा रहा है।




























