Kaushlendra Pandey/सीतामढ़ी/पुनौराधाम।देश की सांस्कृतिक अस्मिता और आस्था का प्रतीक पुनौराधाम अब भव्य स्वरूप लेगा। शुक्रवार को जगत जननी मां जानकी की पावन जन्मस्थली पुनौराधाम में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति में 883 करोड़ रुपए की वृहद योजना का भूमि पूजन और शिलान्यास संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और उन्होंने घोषणा की कि पुनौराधाम मंदिर एवं परिसर का समग्र विकास अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि की तर्ज पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना श्रद्धालुओं की आस्था और बिहार के गौरव को नई ऊंचाई देगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा,
“मां जानकी के इस भव्य मंदिर का निर्माण हम सभी बिहारवासियों के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है। सरकार कृतसंकल्पित है कि इसका कार्य शीघ्र पूर्ण हो।”
कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह केवल एक मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार न केवल इस धार्मिक स्थल का विकास कर रही है, बल्कि अयोध्या से सीतामढ़ी के बीच रेल और सड़क कनेक्टिविटी को भी मजबूत कर रही है।
सीतामढ़ी से दिल्ली के बीच एक नई ट्रेन सेवा की शुरुआत पर भी अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए इसे “जन आस्था की सीधी कड़ी” बताया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। पूरा परिसर ‘जय सियाराम’ के नारों से गूंज उठा और श्रद्धा, उत्साह व गौरव का अद्वितीय संगम देखने को मिला।




























