कौशलेन्द्र पाण्डेय -चाईबासा (झारखंड), 9 अगस्त — 174 बटालियन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल, चाईबासा का 21वां स्थापना दिवस 9 अगस्त को गरिमा और हर्षोल्लास के साथ वाहिनी मुख्यालय, जिला पुलिस लाइन, चाईबासा में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विविध कार्यक्रमों में बटालियन के अधिकारी, अधि. अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजन बड़े उत्साह से सम्मिलित हुए।
8 अगस्त को उत्सव का शुभारंभ मेले के आयोजन से हुआ, जिसमें आकर्षक भोजन स्टॉल, पारंपरिक खेल तथा मनोरंजक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। यह आयोजन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के परिवारों के आपसी मेल-जोल एवं एकजुटता का प्रतीक रहा।
9 अगस्त की सुबह हवन के साथ कार्यक्रमों का आरंभ हुआ, जिसमें वाहिनी के अधिकारीगण, अधि. अधिकारी और बल के सभी कार्मिकों ने राष्ट्र एवं बल की समृद्धि के लिए मंगलकामनाएँ कीं। इसके उपरांत शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया, तत्पश्चात कमांडेंट महोदय द्वारा क्वार्टर गार्ड की सलामी ली गई एवं गार्ड का निरीक्षण किया गया। ‘सैनिक सम्मेलन’ में कमांडेंट श्री मनोज डंग ने जवानों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना और उनका समाधान किया।
शाम के समय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धी भावना का परिचय दिया। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
सायंकाल भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसके मुख्य अतिथि श्री सुनील कुमार, DIG सीआरपीएफ, चाईबासा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती श्रुति लता ने आकर इस वाहिनी का मान बढ़ाया। इस अवसर पर श्री सुरेश कुमार, कमांडेंट 197 एवं श्री त्रिलोक नाथ सिंह, कमांडेंट 134 भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें जवानों एवं उनके परिवारों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने भरपूर सराहा। कार्यक्रम के उपरांत सभी के लिए बड़े खाने का आयोजन किया गया।
श्री मनोज डंग, कमांडेंट ने स्थापना दिवस की सफलता पर सभी अधिकारियों, अधि. अधिकारियों एवं जवानों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल जवानों के मनोबल को ऊँचा रखते हैं, बल्कि संगठन के भीतर भाईचारे, एकता और समर्पण की भावना को भी प्रबल करते हैं।




























