प्रियंका भारद्वाज/जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर मंगलवार शाम करीब 6 बजे ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत रोहतास जिले के चेनारी में रामदुलारी गंगा इंटर स्तरीय विद्यालय के प्रांगण में पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सभा में प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने मोदी का चेहरा देखकर वोट दिया तो चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन गया, नीतीश का चेहरा देखकर वोट दिया तो वैद्य का बेटा 20 साल से शासन कर रहा है, लालू का चेहरा देखकर वोट दिया तो भैंस चराने वाला 30 साल से राजा बना हुआ है। लेकिन अभी तक आपने अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट नहीं दिया।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा – “बिहार के लोगों को लालूजी से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है। उनका बेटा 9वीं पास नहीं, फिर भी वे चाहते हैं कि वह राजा बने। दूसरी तरफ, बिहार के पढ़े-लिखे युवा बीए, एमए करने के बाद भी बेरोजगार हैं।”
प्रशांत किशोर ने चेनारी विधानसभा की जनता से वादा किया कि छठ के बाद बिहार के 50 लाख युवाओं को यहीं 12 हजार रुपये तक का रोजगार मिलेगा, 60 साल से अधिक उम्र के सभी पुरुष और महिलाओं को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी, और 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा मिलेगी – जिसकी फीस सरकार देगी।
पीके ने मोदी पर भी निशाना साधा – “प्रधानमंत्री बिहार से वोट लेकर और देश का पैसा लेकर गुजरात में फैक्ट्री लगवा रहे हैं, और बिहार के युवा वहीं जाकर मजदूरी कर रहे हैं। इस बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दीजिए, नेताओं के चेहरे के लिए नहीं।”
कार्यक्रम में गायक रितेश तिवारी, रमेश तिवारी उर्फ टाइगर बाबा, जिला अध्यक्ष हीरालाल कुशवाहा, प्रवक्ता विनोद तिवारी, अतेंद्र सिंह, पूनम कुमारी, संभावित प्रत्याशी सुनील रजक, नेहा नटराज, शैलेंद्र सागर, विजय तिवारी, कमलेश सिंह, विजय शंकर तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।





























