सीपी राधाकृष्णन होंगे एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, प्रधानमंत्री मोदी ने मिलकर दिया बधाई
Kaushlendra Pandey/नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन एनडीए की ओर से प्रत्याशी होंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार देर शाम भाजपा संसदीय बोर्ड की अहम बैठक के बाद उनके नाम की घोषणा की। आगामी 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होंगे और राधाकृष्णन 21 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के शीर्ष नेता मौजूद रहे। नड्डा ने बताया कि सभी नेताओं से चर्चा और सुझाव के बाद सर्वसम्मति से सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया गया।
तमिलनाडु के रहने वाले राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर, 1957 को हुआ। वे दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी जुड़े रहे हैं। 1998 और 1999 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इसके अलावा, वे तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और 2020 से 2022 तक केरल में भाजपा के प्रभारी रहे।
फरवरी 2023 में उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। इसके बाद मार्च 2024 में तेलंगाना और पुडुचेरी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई और जुलाई 2024 में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल बने।
अब एनडीए ने उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े संवैधानिक पद यानी उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी