पटना, 2025 : शहर के सुप्रसिद्ध नृत्य संस्थान नृत्यांगन हॉबी सेंटर के सोलहवें वार्षिकोत्सव के अवसर पर राजेंद्र नगर स्थित प्रेमचंद रंगशाला में नृत्य नाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री एवं नृत्यांगना मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत सेलिब्रिटी गेस्ट मीनाक्षी शेषाद्रि, मुख्य अतिथि पटना की मेयर सीता साहू, विशिष्ट अतिथि निफ्ट पटना के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा, दूरदर्शन की पूर्व निदेशिका डॉ. रत्ना पुरकायस्थ, महावीर कैंसर संस्थान पटना की निदेशिका डॉ. मनीषा सिंह, बिशॉप स्कॉट ग्रुप ऑफ स्कूल्स की निदेशिका डॉ. शालिनी सिंह, नृत्यांगन हॉबी सेंटर की निदेशिका मौसम शर्मा और रवि राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ कस्तुरी ट्रस्ट के बच्चों द्वारा देश भक्ति गाने पर डांस करके किया गया जो नृत्यांगन में निःशुल्क शिक्षा लेते हैं। संस्थान के बच्चों ने शास्त्रीय, लोकनृत्य और बॉलीवुड गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों ने हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। माहौल तब और खुशनुमा हो गया जब मीनाक्षी शेषाद्रि खुद मंच पर उतरीं और बच्चों के साथ ठुमके लगाए। उनकी परफॉर्मेंस देख पूरा सभागार झूम उठा।
मीनाक्षी के गानों पर संस्थान की फिटनेस की स्टूडेंट्स और निदेशिका मौसम शर्मा ने धमाकेदार परफॉमेंस दी। उन्होंने जाने दो जाने दो मुझे जाना है वादा जो किया वो निभाना है, चूड़ियां खनकी खानकाने वाले आ गए, गवाह है चांद तारे गवाह है,
बदन में चांदनी नजर में दामिनी जैसे सदाबहार गीतों पर धमाकेदार प्रस्तुति देकर सबको झुमा दिया।
कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी शेषाद्रि ने कहा, “बच्चों के बीच आकर नृत्य करना मेरे लिए बहुत सुखद अनुभव है। यहां बच्चों में जो उत्साह और लगन दिखाई दे रही है, वही भारतीय कला और संस्कृति का भविष्य है। यदि बच्चों को इसी तरह मंच मिलता रहे तो वे निश्चित ही बड़े कलाकार बनेंगे।”
संस्थान की निदेशिका मौसम शर्मा ने कहा कि मीनाक्षी शेषाद्रि जैसी महान कलाकार का बच्चों के बीच आना और उनके साथ मंच साझा करना बच्चों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोग, अभिभावक और कला-प्रेमी मौजूद रहे। वार्षिकोत्सव का समापन सामूहिक नृत्य-प्रस्तुति और सम्मान समारोह के साथ हुआ।




























