Kaushlendra pandey -नई दिल्ली ब्यूरो, 20 अगस्त 2025 – थलसेना प्रमुख (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अपनी पत्नी श्रीमती सुनीता द्विवेदी, जो आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (AWWA) की अध्यक्ष हैं, के साथ आज आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में अंगदान का संकल्प लिया। इस कदम से सशस्त्र बलों के ऑर्गन रिट्रीवल एंड ट्रांसप्लांटेशन अथॉरिटी (AORTA) को बड़ा प्रोत्साहन मिला है।
यह पहल न केवल अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि पूरे सैन्य समुदाय को राष्ट्र में इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित भी करती है।
डीजीएएफएमएस सर्जन वाइस एडमिरल अर्ति सरिन के नेतृत्व में AORTA देश में अंगदान और प्रत्यारोपण के क्षेत्र में अग्रणी संस्था बनकर उभरी है। भारतीय सेना पहले ही एक रिकॉर्ड कायम कर चुकी है, जब एक अभियान के दौरान 26,000 से अधिक सैनिकों ने अंगदान का संकल्प लिया था।
यह कदम संदेश देता है कि सशस्त्र बल न केवल देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, बल्कि मानवता की सेवा और समाज के कल्याण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

























