Kaushlendra pandey गया ब्यूरो/ 22 अगस्त 2025 :बिहार को विकास की नई सौगात मिली। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की 14 बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से बिहारवासियों को सड़क, रेल, बिजली, स्वास्थ्य, आवास और जलापूर्ति से जुड़ी योजनाओं की सौगात दी।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार के विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ये योजनाएँ रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना में बिहार की तस्वीर बदल देंगी।” वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इन परियोजनाओं से बिहार के लोगों का जीवन स्तर बदलेगा और प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होगा।”
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मंच से जनता का अभिवादन किया और जनता ने “मोदी-नीतीश ज़िंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल को गूंजा दिया।
मुख्य परियोजनाएँ :
औंटा (मोकामा) से सिमरिया (बेगूसराय) के बीच 6-लेन गंगा पुल
बक्सर ताप विद्युत संयंत्र
मुंगेर में STP और सीवरेज नेटवर्क (नमामि गंगे योजना)
मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र
बख्तियारपुर-मोकामा एवं बिक्रमगंज-दावथ-नवानगर-डुमरांव सेक्शन पर NH-120 का चौड़ीकरण और सुधार कार्य
औरंगाबाद, बोधगया और जहानाबाद में जल आपूर्ति व सीवरेज परियोजनाएँ
गया-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस व वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन का शुभारंभ
इन योजनाओं के माध्यम से बिहार को आधुनिक रोड कनेक्टिविटी, ऊर्जा सुरक्षा, धार्मिक पर्यटन और स्वच्छ गंगा का लाभ मिलेगा। साथ ही उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी।
- कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























