Kaushlendra pandey गया, 22 अगस्त 2025 :बिहार को आज विकास की 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की बड़ी सौगात मिली। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गया में आयोजित भव्य समारोह में बिजली, रेल, सड़क, स्वास्थ्य, आवास और जलापूर्ति से जुड़ी 14 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में औंटा (मोकामा) और सिमरिया (बेगूसराय) के बीच 8 किलोमीटर लंबा 6-लेन गंगा पुल, बक्सर ताप विद्युत संयंत्र, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत मुंगेर में STP और सीवरेज नेटवर्क, मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, राष्ट्रीय राजमार्ग-120 के बख्तियारपुर से मोकामा और बिक्रमगंज-दावथ-नवानगर-डुमरांव सेक्शन पर चौड़ीकरण व सुधार कार्य समेत कई योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
इसके अलावा औरंगाबाद, बोधगया व जहानाबाद में जल आपूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। साथ ही गयाजी और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस तथा वैशाली-कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएँ बिहार को आधुनिक रोड कनेक्टिविटी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, स्वच्छ गंगा और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे रोजगार, शिक्षा और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए ट्वीट किया – “आज बिहार को 13,000 करोड़ से अधिक की विकासपरियोजनाओं की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार। इन परियोजनाओं से राज्यवासियों के जीवन स्तर में ऐतिहासिक बदलाव आएगा।”
जनसभा के दौरान “मोदी-मोदी” और “नीतीश-नीतीश” के नारों से माहौल गूंजता रहा। यह आयोजन बिहार की राजनीति और विकास दोनों दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
- कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























