पटना मुख्य ब्यूरो, 24 अगस्त 2025 :बिहार की सियासत में जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है।
तेजस्वी यादव के लगातार यात्राओं और वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए रूडी ने कहा—
“यात्रा करना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है। पैदल चलना चाहिए, जहां पैदल न चल सकें वहां गाड़ी से चलना चाहिए।”
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का बिहार घूमना अच्छा है, इससे वे बिहार को समझ पाएंगे। रूडी ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए याद दिलाया कि कांग्रेस ने 50 साल बिहार पर शासन किया और लालू प्रसाद यादव ने भी बिहार को पिछड़ेपन की स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल को उन्होंने “स्वर्णिम काल” करार दिया।
तेजस्वी यादव के वोट चोरी वाले आरोप को बेबुनियाद बताते हुए रूडी ने कहा—
“अगर अदृश्य मतदाताओं से चुनाव जीता जा सकता है, तो तेजस्वी जी 60 लाख अदृश्य मतदाता ढूंढ लें, लेकिन एक भी नहीं मिला। बिहार में एनडीए गठबंधन है और फिर से भारी बहुमत से जीत होगी।”
तेजस्वी यादव पर मुकदमे की चर्चा पर भी रूडी ने सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा—
“कोई भी नेता मुकदमे से नहीं डरता। तेजस्वी यादव क्यों डर रहे हैं, यह वही बता सकते हैं।”
राजनीतिक पारा चढ़ाने वाले रूडी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति और भी गर्म हो गई है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी





























