पटना, कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी :जनता दल (यू) प्रदेश प्रवक्ता डॉ. निहोरा प्रसाद यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जिस तरह कभी लालू प्रसाद यादव ने जननायक कर्पूरी ठाकुर का जीवनकाल में ही अपमान किया था, अब उनके पुत्र तेजस्वी यादव भी उसी राह पर चलते हुए कर्पूरी जी को नीचा दिखाने का दुस्साहस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुदड़ी के लाल कर्पूरी ठाकुर ईमानदारी, सादगी और संघर्ष की मिसाल रहे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की आवाज बुलंद करने में समर्पित किया। लेकिन आज के दौर में जब समाज उन्हें श्रद्धा से याद करता है, तब भ्रष्टाचार और आपराधिक मामलों से घिरे नेता केवल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने कभी सत्ता या पद के लिए राजनीति नहीं की। उनकी राजनीति पूरी तरह समाजसेवा पर केंद्रित थी। वहीं दूसरी ओर, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी जैसे नेता वंशवाद पर आधारित राजनीति करते हैं और बिना संघर्ष के जननायक कहलाने की होड़ में लगे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “इनका इतिहास जनता के संघर्ष से नहीं, बल्कि राजवंश की विरासत से जुड़ा है। ऐसे लोगों का जननायक कहलाने का प्रयास गरीबों, पिछड़ों और वंचितों का अपमान है, जिसे बिहार की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”
जदयू प्रवक्ता ने साफ कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में दलित, पिछड़ा और वंचित समाज इस अपमान का राजनीतिक जवाब देगा और ऐसे नेताओं को सबक सिखाएगा।



























