गुरुग्राम ब्यूरो: केंद्रीय राज्यमंत्री हरश मल्होत्रा ने आज गुरुग्राम में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर 4 फ्लाईओवर और 9 फुटओवर ब्रिजों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात सुगम होगा और लोगों की सुरक्षा व सुविधा में बड़ी बढ़ोतरी होगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2014 से अब तक देश के राजमार्ग नेटवर्क में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है। 2014 में जहां केवल 91,000 किलोमीटर का राजमार्ग नेटवर्क था, वहीं 2024 तक यह बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर तक पहुंच गया है।
निर्माण की गति में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। 2014 की तुलना में अब सड़क निर्माण की रफ्तार 2.8 गुना बढ़कर 33.8 किलोमीटर प्रतिदिन हो गई है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर चौड़ीकरण में भी सरकार ने बड़ा काम किया है। 2014 के बाद से 4 या उससे अधिक लेन वाले राजमार्गों की लंबाई 2.6 गुना बढ़कर 48,422 किलोमीटर हो गई है।
सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि सड़क क्षेत्र के बजट आवंटन में भी 570% की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे बड़े स्तर पर आधारभूत संरचना का विकास संभव हुआ है।





























