जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार ने राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि खुद को जननायक कर्पूरी ठाकुर बताने वालों को आगामी विधानसभा चुनाव में जनता करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जिसने कभी जननायक का सम्मान नहीं किया और हमेशा अपमानित करने का काम किया आज वो किस मुंह से खुद को जननायक कहलवाने का दावा कर रहा है? जो खुद भ्रष्टाचार का आरोपी हो और कई घोटालों से जिसका नाम जुड़ा हो वो आज खुद जननायक होने का दावा कर रहा है, ये जननायक कर्पूरी ठाकुर के प्रति घोर अपमान है।
लालू प्रसाद यादव ने जीवनकाल में कर्पूरी जी एवं दलितों का अपमान करने का काम किया, जब तत्कालीन विधानसभा उपाध्यक्ष शिवनंदन पासवान ने लालू प्रसाद से ये आग्रह किया था कि कर्पूरी ठाकुर सदन आना चाह रहे हैं और उन्हें लाने के लिए उन्हें ही जाना था लेकिन वो किसी कारणवश नहीं जा पा रहे हैं, इसलिए वो नेता प्रतिपक्ष जननायक कर्पूरी ठाकुर को सदन बुलवा लें। तब लालू प्रसाद यादव ने लिखा था कि उनकी जीप में तेल नहीं है और कर्पूरी ठाकुर आवश्यक समझेंगे तो रिक्शे से चले आएंगे। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी लिखा कि कर्पूरी ठाकुर दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं वो गाड़ी क्यों नहीं खरीद लेते। दरअसल उन दिनों भी लालू प्रसाद यादव जननायक के प्रति घृणा का भाव रखते थे और अब उनके पुत्र भी उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए पिछड़ों, दलितों और वंचितों की ताक़त को कमजोर करने में जुटे हैं। यह वही वर्ग है, जिसे कर्पूरी जी के त्याग और संघर्ष ने राजनीतिक मजबूती दी। आज उसी मजबूती पर चोट कर, उसे दबाने की साज़िश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने कभी निजी महत्वाकांक्षा के लिए राजनीति नहीं की। उनका पूरा जीवन समाज के लिए समर्पित रहा। वहीं दूसरी ओर, आज के नेता केवल वंशवाद और सत्ता की राजनीति कर रहे हैं। जननायक की उपाधि इतिहास और समाज देता है, कोई राजनीतिक पार्टी या परिवार इसे अपने नाम नहीं कर सकता।




























