Kaushlendra Pandey।राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन को धन्यवाद देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए देशभर की ताकतें एकजुट हो रही हैं।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा –
“लोकतंत्र की जंग में हमारे साथ जुड़ने और सामाजिक न्याय की ताकतों की एकजुटता का मज़बूत संदेश देने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन साहब धन्यवाद। हम डॉ. राम मनोहर लोहिया, कर्पूरी ठाकुर, पेरियार और कलैगनार करुणानिधि जी के संघर्षों से प्रेरित लोग हैं और हमारे नेता लालू जी ने अपनी अब तक की संघर्ष यात्रा के दौरान सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता का यही संदेश दिया है। हम भारत के संविधान की रक्षा और समावेशी समाज के लिए एक साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
तेजस्वी यादव ने इस ट्वीट के जरिए न सिर्फ एम.के. स्टालिन के प्रति आभार जताया, बल्कि सामाजिक न्याय की परंपरा को भी आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजद और उनकी वोटर अधिकार यात्रा का मकसद जनता को उनके अधिकार दिलाना, संविधान की रक्षा करना और समाज में समानता व भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम और समाजवादी आंदोलन के पुरोधाओं – डॉ. लोहिया, जननायक कर्पूरी ठाकुर, पेरियार और करुणानिधि को भी याद किया और कहा कि इन्हीं महानायकों के संघर्ष ने आज की पीढ़ी को रास्ता दिखाया है।
तेजस्वी का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्षी दल लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए साझा मंच पर आने की कोशिश कर रहे हैं। उनका यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और समर्थकों के बीच राजनीतिक बहस का विषय भी बन गया है।





























