पटना, कौशलेन्द्र पाण्डेय।बिहार की राजनीति और समाज में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाया है। शुक्रवार को हुई विशेष कैबिनेट बैठक में “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” को मंजूरी दी गई।
योजना के तहत राज्य के हर परिवार से एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए ₹10,000 की पहली किस्त दी जाएगी। यही नहीं, रोजगार शुरू करने के 6 माह बाद उनके कार्य का आकलन कर आवश्यकता अनुसार अधिकतम ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता भी सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं ट्वीट कर इस निर्णय की जानकारी साझा की और इसे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक कदम बताया।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना न केवल महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बनेगी बल्कि ग्रामीण और शहरी स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। इससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
नीतीश सरकार का यह फैसला बिहार की राजनीति में गेम चेंजर माना जा रहा है और इसे मुख्यमंत्री का “मास्टर स्ट्रोक” करार दिया जा रहा है।



























