Kaushlendra Pandey/पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय दारोगा प्रसाद राय की जयंती के अवसर पर मंगलवार को राजधानी पटना में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिंह, मंत्री श्रवण कुमार समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और नेता मौजूद रहे। बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
विशेष रूप से इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय के पुत्र एवं पूर्व मंत्री चंद्रिका राय भी मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने पिता को नमन किया।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने स्व. दारोगा प्रसाद राय के राजनीतिक जीवन और जनता की सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राय जी का जीवन समाजवाद और जनहितैषी राजनीति की मिसाल रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और आमजन भी पहुंचे और उन्होंने स्व. राय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।



























