Kaushlendra Pandey/जद (यू0) प्रदेश कार्यालय में पार्टी प्रदेश प्रवक्ताओं के मुद्दों से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद श्री संजय झा ने संबोधित किया एवं प्रदेश प्रवक्ताओं को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक के दौरान विधान परिषद में पार्टी के उपनेता एवं कोषाध्यक्ष श्री ललन सर्राफ, विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार उर्फ ‘गांधीजी’, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजीव रंजन प्रसाद, विधान पार्षद सह पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री नीरज कुमार उपस्थित रहे।
वहीं इस बैठक में प्रदेश प्रवक्ता डॉ निहोरा प्रसाद यादव, प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम, प्रदेश प्रवक्ता श्री नवल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा, प्रदेश प्रवक्ता श्री अभिषेक झा, प्रदेश प्रवक्ता श्री मनीष यादव, प्रदेश प्रवक्ता डॉ जितेंद्र कुमार, मीडिया पैनलिस्ट डॉ मधुरेंदु पांडेय, मीडिया पैनलिस्ट श्रीमती पूजा पैट्रिक एवं मीडिया पैनलिस्ट श्री महेश दास की भी उपस्थिति रही।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय झा ने कहा कि टीवी डिबेट्स में पार्टी के प्रवक्ताओं को पूरी मजबूती के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार की उपलब्धियों को सामने रखना है। विपक्ष की दिशाहीन बहसों में उलझने के बजाय हमें अपना एजेंडा सेट करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की महिलाओं के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। इस योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी, जो न सिर्फ उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी बल्कि बिहार की जीडीपी में भी जबर्दस्त उछाल लाएगी।
जीविका दीदियों ने आज बिहार के विकास का नया इतिहास रचा है। हर मंच पर चाहे वह टीवी डिबेट हो, पार्टी का कार्यक्रम हो या व्यक्तिगत फेसबुक लाइव, प्रवक्ताओं को जीविका दीदियों की सफलता और भूमिका को प्रमुखता से रखना होगा।
उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आरजेडी अब पूरी तरह अपने मुद्दों से भटक चुकी है एवं कांग्रेस की फाॅलोअर बन गई है। कांग्रेस की पिछलग्गू बन चुकी आरजेडी, जनता के असली सवालों से भाग रही है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों पर काम कर रही है और महिलाओं की भागीदारी से नया बिहार गढ़ रही है। यही जदयू का एजेंडा है और प्रवक्ताओं को इसे मजबूती से हर मंच पर रखना है।




























