पटना, 05 सितम्बर :टीपीएस कॉलेज, पटना के बॉटनी विभाग ने शिक्षक दिवस के अवसर पर टी पी एस कॉलेज बायोडायवर्सिटी क्लब के तत्वावधान में बराबर की पहाड़ी में एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया । डॉ. विनय भूषण कुमार के नेतृत्व में लगभग 30 स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने इस यात्रा में हिस्सा लिया । बराबर की पहाड़ी अपनी समृद्ध जैव-विविधता के लिए जानी जाती है, जहां गुडमार, शतावरी, अश्वगंधा, गूलर, बकैन, और जंगली प्याज जैसी दुर्लभ वनस्पति प्रजातियां पाई जाती हैं। छात्रों ने इन पौधों के औषधीय गुणों, पारिस्थितिक महत्व और संरक्षण की आवश्यकता पर गहन अध्ययन किया। मैग्निफाइंग ग्लास, फील्ड गाइड और नोटबुक का उपयोग कर छात्रों ने नमूने एकत्र किए और प्रलेखन किया ।
डॉ. विनय भूषण कुमार ने कहा, “यह भ्रमण छात्रों को जैव-विविधता के प्रति जागरूक करता है। बराबर की पहाड़ी को इकोटूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं, जो पर्यावरण शिक्षा और संरक्षण को बढ़ावा देगा।” प्राचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य ने इस पहल की सराहना की और इसे पर्यावरण जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया । सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यह यात्रा शैक्षणिक और प्रेरणादायक रही । बायोडायवर्सिटी क्लब ने सरकार को सुझाव देने का निर्णय लिया कि बराबर की पहाड़ी को इकोटूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने से न केवल स्थानीय जैव-विविधता का संरक्षण होगा, बल्कि यह क्षेत्र पर्यटकों और शोधकर्ताओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है ।





























