प्रियंका भारद्वाज/नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने विमेंस एशिया कप 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर देशवासियों का गौरव बढ़ाया है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एकजुटता, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिचय देते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि फाइनल मैच में वे स्वर्ण पदक की दौड़ में पीछे रही, लेकिन उनका यह प्रदर्शन पूरी तरह से सराहनीय माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई देते हुए उनके समर्पण, कठिन परिश्रम और टीम भावना की प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि “भारतीय महिला हॉकी टीम ने देश का नाम रजत पदक जीतकर गौरवान्वित किया है। इनकी अदम्य संकल्पशक्ति और टीम भावना प्रेरणादायक है। आने वाले समय में इसी तरह सफलता के नए आयाम छूते रहें।”
इस सफलता से न केवल भारतीय हॉकी का मान बढ़ा है, बल्कि महिला खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरणा मिली है। खेल जगत से लेकर आम जनता तक, हर वर्ग ने टीम के इस शानदार प्रदर्शन को सराहा है।





























