पटना, 15 सितम्बर 2025/जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता डाॅ0 निहोरा प्रसाद यादव ने मीडिया में जारी एक बयान में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला और कहा कि राष्ट्रीय जनता दल द्वारा महिलाओं के बीच झूठे वादे कर, फर्जी फाॅर्म भरवाकर भ्रम फैलाने का आपराधिक खेल खेला जा रहा है। विपक्ष में बैठकर योजनाएं लागू करने का दावा करना इस बात का प्रमाण है कि, तेजस्वी यादव न तो शासन-प्रशासन की प्रक्रिया समझते हैं और न ही जनता के विश्वास का सम्मान करते हैं।
तेजस्वी यादव का यह दावा कि माई बहिन योजना लागू कर दी गई है हास्यास्पद और असत्य है, क्योंकि किसी भी योजना को लागू करने का अधिकार केवल सरकार का होता है। सत्ता से बाहर बैठकर ऐसा दावा करना जनता के साथ छल और ठगी के सिवाय कुछ नहीं। रात के अंधेरे में किया गया ट्वीट बताता है कि तेजस्वी यादव की न जुबान पर काबू है और न ही कलम पर।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आरजेडी कार्यकर्ता महिलाओं से फाॅर्म भरवाने के नाम पर महिलाओं से अवैध तरीके से रुपए भी वसूल रहे हैं। महिलाओं को भ्रमित कर इस तरह फॉर्म भरवाना एक आपराधिक कृत्य है। यह काम किसी चिट-फंड कंपनी की तरह है, जहाँ ठगी के लिए झूठे सपने दिखाए जाते हैं। सरकार की योजनाएँ केवल प्रशासनिक तंत्र से लागू होती हैं, विपक्षी पार्टी के निजी कागज़ों से नहीं।
हम तेजस्वी यादव से पूछना चाहते हैं कि, क्या वे अभी भी सरकार में हैं या सिर्फ़ सपने देख रहे हैं? जब मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने राज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया है, तब महिलाओं को ठगने के लिए माई बहिन योजना के नाम पर फाॅर्म भरवाना उनकी हताशा और सत्ता-लोलुपता का सबूत है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को जनता को गुमराह करना बंद करना चाहिए। लोकतंत्र में जनता सच को पहचानती है और झूठ को कभी बर्दाश्त नहीं करती।



























