Priyaka bhardwaj/बिहार के योगासन खिलाड़ियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का परचम लहराया है। हाल ही में सम्पन्न 6वीं सीनियर नेशनल योगासन चैंपियनशिप में बिहार की बालक-बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए।
🏅 पदक विजेता खिलाड़ी
साक्षी कुमारी (सीनियर गर्ल्स)
बैकबेंड इंडिविजुअल – कांस्य पदक
आर्टिस्टिक सिंगल इवेंट – कांस्य पदक
सुधांशु शेखर (सीनियर ‘A’ वर्ग)
बैकबेंड इंडिविजुअल – रजत पदक
लेग बैलेंस इंडिविजुअल – रजत पदक
ट्विस्टिंग बॉडी बैलेंस – स्वर्ण पदक
खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे 25 दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन प्रशिक्षण शिविर की अहम भूमिका रही। शिविर में खिलाड़ियों को मुख्य योग प्रशिक्षक योगी कुन्दन कुमार और प्रशिक्षक मंडली के शशिकांत जी ने आधुनिक तकनीक, शारीरिक क्षमता और मानसिक एकाग्रता पर विशेष प्रशिक्षण दिया।
इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (BYSA) और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) के संयुक्त सहयोग से किया गया। खिलाड़ियों और अभिभावकों ने माना कि BYSA और BSSA की कोशिशों से उन्हें आत्मविश्वास मिला और सफलता का मार्ग प्रशस्त हुआ।
बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सचिव डॉ. रानी सिंह ने कहा –
“यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और BSSA व BYSA के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। साक्षी कुमारी और सुधांशु शेखर जैसे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। DG रवींद्रन शंकरण सर का विजन बिहार को खेल क्षेत्र में अग्रणी बनाना है और यह उपलब्धि उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
यह जीत न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाती है बल्कि बिहार को योगासन खेल के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि भी साबित होती है।




























