Kaushlendra Pandey /बिहार जनता दल (यू) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की कथित ‘बिहार अधिकार यात्रा’ को निशाना बनाते हुए इसे जनता के बीच भ्रम फैलाने का नाकाम प्रयास करार दिया। उन्होंने कहा कि सीएम फेस को लेकर कांग्रेस का विरोधाभासी रवैया तेजस्वी यादव को राजनीतिक हताशा और निराशा में डाल चुका है, इसलिए वे अब यात्रा के बहाने अपने सहयोगी दल कांग्रेस को ही आंखें दिखा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद द्वारा महागठबंधन के अन्य सहयोगी दलों को दरकिनार कर अकेले यात्रा पर निकलना स्पष्ट संकेत है कि विपक्षी गठबंधन में स्वार्थ की गांठ उभर चुका है और सभी पार्टियां एक-दूसरे को कमजोर करने में जुटी हुई हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस गठबंधन में अविश्वास की खाई इतनी गहरी हो, वह जनता का विश्वास कभी हासिल नहीं कर सकता।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सरकार की विकास नीतियों और उपलब्धियों के सामने तेजस्वी यादव के हर प्रयास को नाकाम होना तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का एकमात्र उद्देश्य जनता को भ्रमित करना, झूठ फैलाना, विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाना और सत्ता में आकर पुनः ‘जंगलराज’ स्थापित करना है,लेकिन बिहार की जनता लालू परिवार के राजनीतिक चरित्र को भली-भांति पहचान चुकी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि चाहे तेजस्वी यादव कितने भी हथकंडे अपनाएं या कोई भी साजिश रचें, नीतीश सरकार की विकास-प्रधान नीतियों से प्रदेश की जनता का विश्वास तनिक भी डगमगाने वाला नहीं है।





























