नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज ‘विकसित भारत बिल्डथॉन 2025’ का शुभारंभ किया। यह एक अभूतपूर्व राष्ट्रव्यापी नवोन्मेषण अभियान है, जिसका उद्देश्य देशभर के स्कूली छात्रों को नवाचार, तकनीक और रचनात्मक सोच से जोड़ना है।
इस महत्त्वपूर्ण पहल का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (DoSEL) द्वारा अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग और एआईसीटीई के सहयोग से किया जा रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने ‘विकसित भारत बिल्डथॉन’ का जिंगल और लोगो भी लॉन्च किया। मंत्री ने कहा कि यह पहल छात्रों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी, बल्कि उन्हें भविष्य में देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित करेगी।
‘विकसित भारत बिल्डथॉन 2025’ के जरिए छात्रों में समस्या समाधान की क्षमता, टीमवर्क और इनोवेशन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
(स्रोत: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी / PIB)




























