सौरभ निगम/पटना इन दिनों साहित्य की सुगंध में सराबोर होने जा रहा है। साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव “उन्मेष” का शुभारंभ कल 25 सितम्बर 2025 से राजधानी पटना के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन (सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर) में होने जा रहा है। देश-विदेश से आए सैकड़ों साहित्यकारों, कवियों और चिंतकों के बीच यह आयोजन भाषाओं, विचारों और संस्कृतियों के संगम का साक्षी बनेगा।
इस भव्य आयोजन में भोजपुरी भाषा और साहित्य की समृद्ध परंपरा को भी विशेष स्थान दिया गया है। साहित्य अकादमी ने सुप्रसिद्ध भोजपुरी कवि डॉ. अनिल सुलभ को आमंत्रित किया है, जो कल अपराह्न 5 से 6 बजे तक आयोजित होने वाले कवि-सम्मेलन में अपने सशक्त काव्य-पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। यह सत्र ‘अक्का महादेवी सभागार’ में आयोजित होगा।
डॉ. सुलभ ने कहा कि “भोजपुरी हमारी लोक आत्मा की भाषा है, और अंतरराष्ट्रीय मंच पर इसे प्रस्तुत करना मेरे लिए गर्व का विषय है।”
साहित्य प्रेमियों के लिए “उन्मेष” न केवल शब्दों और भावों का उत्सव है, बल्कि भाषाई विविधता और सांस्कृतिक संवाद का भी एक अनूठा अवसर साबित होगा।
#Unmesh2025 #SahityaAkademi #Bhojpuri #AnilSulabh #Patna #CountryInsideNewsAgency





























