रामेश्वर महाविद्यालय में शनिवार को इंटर कॉलेज साइंस फेस्ट-2025 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ। साइंस फेस्ट का थीम ‘विकसित भारत 2047 : विज्ञान की महत्ता’ विषय रहा। समारोह में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा इस तरह के आयोजनों में छात्रों का इतनी बड़ी संख्या में हिस्सा लेना अच्छी बात है। ऐसे कार्यक्रमों के लिए आगे भी छात्रों को साहस जुटा कर भाग लेना चाहिए। कुलपति ने कहा कि सभी कॉलेजों में नियमों से कम होना चाहिए। किसी तरीके के विकास के कार्य कॉलेज को करना हो तो संबंधित कमेटी से अप्रूवल के बाद विश्वविद्यालय से आदेश लें। उन्होंने शिक्षकों से पढ़ाने की शैली को अपडेट करने की बात कही। पढ़ने के दौरान बच्चे कैसे आसानी से बातों को समझ सके, इसे ध्यान में रखते हुए पढ़ाएं। कुलपति ने कहा कि छात्रों को पढ़ाई के बाद मार्क्सशीट और डिग्री लेने में परेशानी ना हो इस पर काम चल रहा है। कई सारे सुधार के काम चल रहे हैं इसमें विरोध झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय का इतिहास गौरव और वैभव का है। उन्होंने ने कहा कि आप जो काम करते हैं उसपर सबकी नजर होती है। अपना काम सही तरीके से करें लोग खुद समझ जाएंगे कि आप किस तरह का कार्य कर रहे हैं। कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा ने कहा कि पुरस्कार तो कुछ छात्रों को ही मिल पाता है लेकिन प्रतियोगिता में अधिक से अधिक छात्र जब शामिल होते हैं, वह महत्वपूर्ण होता है। इस तरह के आयोजनों से छात्रों की योग्यता में निश्चित तौर पर निखार कर आती है। स्वागत करते हुए प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान की पहचान बच्चों से होती है। यहां के छात्रों की सोच और एक्टिविटी अन्य जगहों पर नहीं दिख पाती है। साइंस फेस्ट में जिले के विभिन्न कॉलेजों के 360 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया। उन्होंने कहा कि कॉलेज से कभी शिकायत नहीं मिलेगी यहां के शिक्षक, छात्र और कर्मचारी समर्पित रहते हैं। उन्होंने कुलपति से शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग की। साथ ही रामेश्वर कॉलेज में विभिन्न विषयों में पीजी की पढ़ाई के लिए अनुमति प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रूसा और अन्य मदों से कॉलेज में भवनों का निर्माण कराया जाएगा, क्योंकि यहां नामांकित छात्रों की तुलना में जगह काफी कम है। विज्ञान संकाय की डीन प्रो.रंजना कुमारी ने भी विचार रखें। कार्यक्रम का संचालन प्रो.रजनी रंजन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो.ब्रह्मचारी व्यास नंदन शास्त्री ने किया। मौके पर डॉ.धीरज कुमार, डॉ.रणवीर कुमार,डॉ.राकेश कुमार सिंह, डॉ.अविनाश कुमार झा, मयंक मौसम सहित कॉलेज के शिक्षक व छात्र मौजूद थे।
इन छात्रों को किया गया पुरस्कृत
साइंस फेस्ट के तीन अलग-अलग विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। पीपीटी के माध्यम से पर्यावरण और विज्ञान के विभिन्न आयामों पर विजन रखने वालों में पहला स्थान एलएस कॉलेज के अरशद को मिला। दूसरे स्थान पर रामेश्वर कॉलेज की ऋतु कुमारी रही। तीसरे स्थान पर नितिश्वर कॉलेज की अनम फातिमा रही। मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम विक्की कुमार, द्वितीय रिचा कुमारी और तीसरे स्थान पर अमन रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रिचा कुमारी दूसरे स्थान पर संजना और तीसरे स्थान पर जेसू रही। साइंस फेस्ट विजेताओं से कुलपति ने बात की और शुभकामनाएं दी।


























