धर्मेंद्र की रिपोर्ट/दुल्हिन बाजार प्रखंड क्षेत्र के सिंघाड़ा उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आज एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं स्थानीय शिक्षकों ने संगीत शिक्षक धर्मेंद्र कुमार को उनके उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक जैन कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कुमारी रीना ने बुक्के भेंट किया और वरिष्ठ शिक्षक विमल कुमार गिरी ने भी उन्हें सम्मानित किया।
बता दें कि उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंघाड़ा में कार्यरत संगीत शिक्षक धर्मेंद्र कुमार को हाल ही में बिहार कला पुरस्कार के अंतर्गत “विन्ध्वासिनी देवी युवा पुरस्कार” से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और कला एवं संस्कृति मंत्री मोती लाल प्रसाद के हाथों मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और ₹25,000 की नकद राशि के साथ प्रदान किया गया।
इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
(कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी रिपोर्ट)



























