Kaushlendra Pandey 05 अक्टूबर 2025, पटना /जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा एवं पार्टी मीडिया पैनलिस्ट श्री किशोर कुणाल ने संयुक्त तौर पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय’ न केवल बिहार के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास का एक नया केंद्र बनेगा, बल्कि जननायक के सपनों और संघर्षों को साकार करने का सशक्त माध्यम भी होगा।
उन्होंने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन समाज के कमजोर, पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनका सपना था कि गरीब और वंचित तबका शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से मुख्यधारा में आए और रोजगार के अवसरों से जुड़कर आगे बढ़े। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की सरकार ने लगातार इस दिशा में काम किया है और इस यूनिवर्सिटी की स्थापना उसी विरासत को आगे बढ़ाने की एक ऐतिहासिक पहल है।
प्रेस वार्ता में प्रवक्ताओं ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हमेशा जननायक कर्पूरी ठाकुर जी का अपमान किया है। बिहार में वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत से पहले कांग्रेस ने राहुल गांधी को ‘‘जननायक’’ की उपाधि देने की कोशिश की जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस और राजद जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की विरासत को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जननायक की उपाधि किसी राजनीतिक दल या परिवार की देन नहीं है बल्कि जनता के दिलों से मिली है। यह उपाधि उनके संघर्ष और योगदान का परिणाम है। कांग्रेस और आरजेडी द्वारा जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की उपाधि की चोरी की कोशिश एवं उनका अपमान लालू प्रसाद परिवार के राजनीति का डीएनए है। पिछड़ों एवं अति पिछड़ों को अपमानित करने की इनकी पुरानी परिपाटी रही है।
‘जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय’ देश भर में अपने आप में अद्वितीय कौशल विश्वविद्यालय है, क्योंकि इसके कुलाधिपति स्वयं मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी होंगे और रोजगार तथा स्वरोजगार से जुड़े विभागों के मंत्रियों को इसकी शासी निकाय में शामिल किया गया है। यह विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से समझौता कर प्रशिक्षण, अनुसंधान और फैकल्टी एक्सचेंज जैसे कार्यक्रम चला सकेगा। इस पहल से बिहार के लगभग 58 प्रतिशत युवा, जिनकी उम्र 25 वर्ष से कम है, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण पाकर देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराएँगे। बिहार का ये पहला विश्वविद्यालय है जो ‘इसरो’ के साथ अनुबंध कर स्पेस टेक्नोलॉजी में बिहार के युवाओं को प्रशिक्षित करेगा।
यह यूनिवर्सिटी बिहार के युवाओं के लिए संभावनाओं का नया द्वार खोलेगी और जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की विरासत को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में कमजोर और वंचित तबके के सशक्तिकरण, महिला उत्थान और रोजगार सृजन की दिशा में जो काम हुए हैं, वही जननायक को सच्ची श्रद्धांजलि हैं।



























