राष्ट्रकवि दिनकर जयंती पर अलीगढ़ में दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शोध-संगोष्ठी का शुभारंभ, मुख्य अतिथि बने बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, अलीगढ़। हिन्दी प्रचारिणी सभा, अलीगढ़ के तत्वावधान में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह “दिनकर” की जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शोध-संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र रविवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय हिन्दी संस्थान, आगरा के निदेशक प्रो. सुनील बाबूराव कुलकर्णी ने की। इस अवसर पर आकाशवाणी, आगरा के केंद्र निदेशक अनेंद्र सिंह, जनकपुर (नेपाल) से पधारे कवि अजय कुमार झा, प्रो. पुरुषोत्तम पाटिल, प्रो. जंग बहादुर पांडेय और डा. पूनम मटिया सहित अनेक विद्वानों ने राष्ट्रकवि दिनकर के विराट काव्य-व्यक्तित्व, साहित्यिक योगदान और राष्ट्रीय चेतना पर अपने विचार रखे।
उद्घाटन सत्र का संचालन हिन्दी प्रचारिणी सभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार शर्मा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि दिनकर केवल एक कवि नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता और सामाजिक चेतना के अमर स्वर हैं। उनके साहित्य से आज भी नई पीढ़ी को राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा मिलती है।
दिनकर के व्यापक व्यक्तित्व को समर्पित यह आयोजन साहित्यिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत प्रेरणादायी एवं आनंदमय रहा।