Kaushlendra Pandey/पटना 08 अक्टूबर 2025/जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा एवं पार्टी मीडिया पैनलिस्ट श्री किशोर कुणाल ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सही मायनों में लोकनायक जय प्रकाश नारायण के सपनों को साकार करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण का सपना था एक ऐसा समाज और शासन व्यवस्था, जहाँ लोकतंत्र गहराई तक पहुँचे, सामाजिक न्याय हो, भ्रष्टाचार न हो और जनता की आवाज सुनी जाए। आज मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में वही दृष्टि साकार हो रही है। सुशासन और पारदर्शिता को आधार बनाकर नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। लोक शिकायत निवारण कानून और जनता दरबार जैसी व्यवस्थाओं ने आम आदमी की आवाज को सीधे सरकार तक पहुँचाने का रास्ता खोला है।
लोकनायक का मानना था कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समान अवसर पहुँचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की योजनाओं के जरिए वंचित व कमजोर तबकों को सशक्त किया है। महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में आरक्षण का प्रावधान ऐतिहासिक कदम साबित हुआ, वहीं साइकिल योजना और कन्या उत्थान योजना ने बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है।
समाज सुधार की दिशा में शराबबंदी लागू करना भी नीतीश कुमार का साहसिक निर्णय रहा है, जिसने लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता के लिए सात निश्चय योजना के माध्यम से हर घर तक सडक, बिजली, पानी, शौचालय, नाली और रोजगार पहुँचाकर लोकनायक के आदर्शों को जमीन पर उतारा गया है।
उन्होंने कहा कि आज जब हम जयप्रकाश नारायण को नमन करते हैं, तो यह गर्व से कहा जा सकता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके सपनों और विचारों को आधुनिक समय में सार्थक रूप दे रहे हैं। बिहार की जनता सुशासन और विकास की इस निरंतर यात्रा की गवाह है और यही लोकनायक के प्रति सबसे सच्ची श्रद्धांजलि है।



























