Kaushlendra Pandey/बिहार जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि निजी स्वार्थों की बुनियाद पर खड़े तथाकथित महागठबंधन के पास माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की नीति, नीयत और नेतृत्व का कोई विकल्प नहीं है। समाज के हर वर्ग और बिहार के कोने-कोने तक नीतीश सरकार के सुशासन माॅडल की प्रभावी छाप स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। इसी हताशा में विपक्ष अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने और जनता को भ्रमित करने के लिए झूठे वादों की बौछार कर रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीते 20 वर्षों में श्री नीतीश कुमार ने बुनियादी जरूरतों और आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने में अभूतपूर्व काम किया है। बिहार अब बीमारू राज्य की छवि को पीछे छोड़ते हुए विकास की नई गाथा लिख रहा है। इस लिहाज से यह विधानसभा चुनाव आने वाले ‘विकसित बिहार’ की दिशा में निर्णायक साबित होगा।
श्री कुशवाहा ने आगे कहा कि श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए हमेशा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देता रहा है। न्याय के साथ विकास के माॅडल को जमीन पर उतरते हुए नीतीश सरकार ने उन वर्गों को मुख्यधारा में जोड़ा है, जिन्हें पहले केवल वोट बैंक के रूप में देखा जाता था, किन्तु उनकी चिंता कभी किसी ने नहीं की। जबकि, हमारे नेता की हमेशा यह नीति रही है कि वे वोट की नहीं, वोटर की चिंता करते हैं।
उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन के प्रति प्रदेश की जनता में जबरदस्त उत्साह है। बीस वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों के बदौलत समाज के सभी वर्गों का रुझान नीतीश सरकार के प्रति है। ऐसे में 14 नवंबर को विपक्ष का सफाया होना तय है, और जनता झूठ और दुष्प्रचार से भ्रमित नहीं होने वाली है। विकास और सुशासन का कारवां यथावत बढ़ता रहे, इसके लिए जनता ‘2025 में फिर से नीतीश’ के संकल्प को साकार करने को लेकर अपना मन बना चुकी है।




























