Kaushlendra Pandey/नई दिल्ली। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने केंद्रीय सेक्टर के सामरिक रूप से महत्वपूर्ण इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और आस-पास के अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों की परिचालन तैयारियों का जायजा लिया।
सेना प्रमुख ने सीमावर्ती इलाकों में तैनात जवानों से मुलाकात की और दुर्गम स्थितियों में डटे रहने के उनके जज़्बे और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मातृभूमि की सुरक्षा के लिए भारतीय सेना पूरी तरह सजग, सक्षम और प्रतिबद्ध है।
दौरे के दौरान जनरल द्विवेदी ने सिविल-मिलिट्री समन्वय को और मजबूत करने पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और नागरिक समाज के साथ तालमेल बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया, ताकि सीमा इलाकों में विकास और सुरक्षा दोनों साथ-साथ आगे बढ़ सकें।
सेना प्रमुख ने क्षेत्र में तैनात फॉर्मेशन्स की ऑपरेशनल तैनाती, युद्धक तैयारी और बुनियादी ढांचे के विकास की भी समीक्षा की। भारतीय सेना के अनुसार, यह दौरा सीमावर्ती इलाकों में सैन्य तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
By – कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी


























