Kaushlendra Pandey /भोपतपुरा, भोरे (गोपालगंज)भोपतपुरा गांव में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जब गांव निवासी श्री व्यास राय जी का भतीजा हाई टेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को आनन-फानन में भोरे स्थित गिरिजा शंकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री एवं भोरे विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री सुनील कुमार स्वयं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर इलाज की पूरी जानकारी ली और घायल युवक की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। मंत्री ने चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री सुनील कुमार ने अस्पताल परिसर में पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सरकारी मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा जनता के साथ खड़ी है और इस कठिन समय में परिवार को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
घटना से पूरे गांव में गहरा दुख व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब युवक खेत के पास से गुजर रहा था और अनजाने में हाई टेंशन तार के संपर्क में आ गया।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है।





























