Kaushlendra Pandey, भोरे (गोपालगंज)भोरे विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री श्री सुनील कुमार ने पावन लोकपर्व छठ पूजा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, विश्वास और लोक संस्कृति का प्रतीक है, जो न केवल बिहार बल्कि पूरे देश और प्रवासी भारतीयों के बीच लोक आस्था के रूप में बड़ी श्रद्धा से मनाया जाता है।
शिक्षा मंत्री ने अपने संदेश में कहा—
“छठ माता की आराधना से व्यक्ति को आत्मिक शांति, सुख, समृद्धि और आरोग्य की प्राप्ति होती है। यह पर्व सूर्योपासना का अनुपम उदाहरण है, जो समाज में अनुशासन, स्वच्छता और सामूहिकता का संदेश देता है। मैं भगवान भास्कर और छठी मइया से प्रार्थना करता हूं कि वे सबके जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाएं।”
उन्होंने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे छठ घाटों पर स्वच्छता और मर्यादा का विशेष ध्यान रखें, ताकि यह पर्व पूरी गरिमा और श्रद्धा के साथ संपन्न हो सके। मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
भोरे विधानसभा क्षेत्र में भी छठ पर्व की तैयारियाँ जोरों पर हैं। विभिन्न पंचायतों और नगर क्षेत्रों में घाटों की सफाई, बिजली व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंत्री सुनील कुमार स्वयं क्षेत्र के कई स्थानों पर जाकर व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।
छठ पूजा के इस शुभ अवसर पर मंत्री ने कहा कि “यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के प्रति संवेदनशील होने की प्रेरणा देता है। हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए अपने जलाशयों और नदियों को स्वच्छ बनाए रखना होगा।”




























