Kaushlendra Pandey, भोरे (गोपालगंज)भोरे विधानसभा क्षेत्र में आज शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के पक्ष में भारी जनसमर्थन देखने को मिला। क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों में आयोजित जनसभाओं में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और शिक्षा मंत्री के पक्ष में जमकर नारे लगाए — “फिर से नीतीश, फिर से सुनील”।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि “भोरे विधानसभा का विकास ही मेरी पहली प्राथमिकता रही है।” उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में जो कार्य हुए हैं, वह अभूतपूर्व हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है। 2005 से पहले जहां अंधकार, अशिक्षा और बेरोजगारी का माहौल था, वहीं आज बिहार शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक और आईटीआई संस्थान स्थापित किए गए हैं ताकि युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल सकें।
भोरे में शिक्षा मंत्री ने कई विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में नई सड़कों का निर्माण, पुल-पुलियों का विस्तार, नहरों की सफाई, और स्कूलों के भवनों का जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में भोरे की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है — आज गांवों में बिजली है, सड़कों पर रोशनी है और युवाओं के हाथों में रोजगार है।
सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए “सात निश्चय-2” के तहत 10 लाख नौकरियों और 10 लाख रोजगार देने का संकल्प पूरा किया है। अब अगला लक्ष्य अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का है।
उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि “जो लोग 15 साल तक बिहार की सत्ता में रहकर खजाने की लूट में लगे रहे, आज वही लोग हवा-हवाई वादे कर रहे हैं। जनता उन्हें फिर से मौका नहीं देगी।”
सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि सुनील कुमार ने अपने कार्यकाल में शिक्षा विभाग को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ा है, नई तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था लागू की गई है और छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति और साइकिल योजना का लाभ मिल रहा है।
सभा में स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने भी शिक्षा मंत्री के काम की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि सुनील कुमार ने विकास को जन-जन तक पहुँचाया है और भोरे को मॉडल विधानसभा बनाने का सपना साकार किया है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि “नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा और विकास की गंगा बह रही है। जनता का जो स्नेह और विश्वास मिला है, वह मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। आने वाले चुनाव में भोरे की जनता फिर इतिहास दोहराएगी।”
#Bhore #SunilKumar #Bihar #JDU #NitishKumar #Education #Development #CountryInsideNewsAgency




























