पटना 30 अक्टूबर 2025/जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता डाॉ निहोरा प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार के मतदाता अब पूरी तरह जागरूक हैं और वे यह भली-भाँति जानते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो कहते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। बिहार की जनता ने पिछले दो दशकों में स्वयं देखा है कि किस प्रकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देते हुए राज्य की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया।
उन्होंने कहा कि आज बिहार में जहाँ भी आप जाएँ – चाहे शहरों में हों या गाँवों में – हर जगह विकास की रोशनी दिखाई देती है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में जो परिवर्तन आए हैं, वह किसी कल्पना से कम नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह साबित किया है कि विकास केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गाँवों तक पहुँचेगा और हर वर्ग को समान अवसर देगा।
आज बिहार का ग्रामीण इलाका भी उतना ही सशक्त और खुशहाल है जितना शहरी इलाका। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने महिलाओं, अनुसूचित जातियों, अति पिछड़े वर्गों और हर तबके के विकास के लिए ठोस काम किया है। यही कारण है कि आज बिहार की महिलाएँ आत्मनिर्भर बनी हैं, गाँवों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएँ पहले से कहीं अधिक सुलभ हुई हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जो भी मनगढ़ंत दावे करें, लेकिन बिहार की जनता उनके झूठे वादों के जाल में फँसने वाली नहीं है। जनता यह समझ चुकी है कि जो व्यक्ति सत्ता में रहते हुए भी ठोस काम न कर सके, वह विपक्ष में रहकर केवल बयानबाजी से बिहार का भला नहीं कर सकता। लोग यह भी जानते हैं कि यदि भूलवश भी बिहार की सत्ता उन लोगों के हाथ में चली गई, तो राज्य में एक बार फिर वही अराजकता लौट आएगी, जिसकी याद से आज भी लोग सिहर उठते हैं। अपहरण, हत्या, बलात्कार और लूटपाट की घटनाओं से भरा वह दौर बिहार की जनता कभी नहीं भूल सकती।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने भय, भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्त होकर विकास और विश्वास का रास्ता चुना है। आज बिहार का हर नागरिक यह महसूस करता है कि राज्य में स्थिरता, विकास और कानून का राज केवल नीतीश कुमार के सुशासन से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि जनता का मन साफ है – बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ है और एनडीए सरकार को फिर से चुनने को तैयार है। बिहार के जन-जन का विश्वास नीतीश कुमार के कार्य, नीयत और नेतृत्व पर टिका है, क्योंकि उन्होंने हमेशा वादों से अधिक काम किया है और विकास की राजनीति को बिहार की पहचान बना दिया है।



























