Kaushlendra Pandey/पटना ब्यूरो/बिहार विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पटना में एक भव्य और ऐतिहासिक रोड शो किया। इस दौरान सड़कों पर उमड़ी जनसैलाब ने यह स्पष्ट कर दिया कि बिहार की जनता एनडीए के विकास मॉडल पर भरोसा करती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा — “पटना में आज विशाल रोड शो में शामिल होने का सुअवसर मिला। मैंने उत्साह से भरी यहां की जनता-जनार्दन से बिहार के विधानसभा चुनावों में एनडीए को भरपूर आशीर्वाद देने का आग्रह किया। पटना का इतिहास बहुत ही गौरवशाली रहा है। यहां के हमारे परिवारजन भी बेहद ऊर्जावान हैं। हमारे कार्यकाल का रिकॉर्ड बताता है कि केवल एनडीए ही यहां की विकास यात्रा को एक नई मजबूती दे सकता है।”
रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री के साथ एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे। पूरे पटना में “फिर एक बार एनडीए सरकार” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
जनता ने फूलों की वर्षा कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया और कई स्थानों पर उनके काफिले पर पुष्पवृष्टि की गई। जगह-जगह मंचों से लोगों ने “जय बिहार, जय भारत” और “मोदी-नीतीश जिंदाबाद” के नारों से प्रधानमंत्री का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले दस वर्षों में बिहार ने बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की नई ऊँचाइयों पर पहुंचाया है और आने वाले समय में यह यात्रा और तेज़ी से आगे बढ़ेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पटना का यह रोड शो बिहार की राजनीति में बड़ा संदेश देने वाला साबित होगा, क्योंकि यह राजधानी की जनता के रुख को स्पष्ट रूप से दिखाता है।
#PatnaRoadShow #PMModi #BiharElections2025 #NDAVikasYatra #CountryInsideNewsAgency


























